बकौल हजारी प्रसाद द्विवेदी, करने वाला इतिहास निर्माता होता है, सिर्फ सोचने वाला इतिहास के भयंकर रथचक्र के नीचे पिस जाता है। इतिहास का रथ वह हांकता है, जो सोचता है और सोचे को करता भी है।
शनिवार, 15 सितंबर 2012
शुक्रवार, 24 अगस्त 2012
लकनऊ से नयी पत्रिका समकालीन सरोकार सितंबर में
मित्रों, प्रसन्नता की बात है कि मेरी पत्रिका के लिए आर एन आई ने एक नाम स्वीकार कर लिया है। लखनऊ से अब समकालीन सरोकार के प्रकाशन का रास्ता साफ हो गया है। सितंबर में इसका प्रवेशांक आप सबके सामने होगा। मेरे साथ इस यात्रा में हरे प्रकाश उपाध्याय भी है। हमारी कोशिश होगी कि शब्दों की दुनिया में एक नया स्वाद पैदा हो, एक नयी राह खुले, एक नयी जमीन उगे। आप सबका स्नेह हमारी शक्ति बनेगा, ऐसा हमारा विश्वास है।
बुधवार, 1 अगस्त 2012
कुछ न समझे खुदा करे कोई
युवा कवि कुमार अनुपम को उनकी कविता कुछ न समझे खुदा करे कोई के लिए भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार मिला है। यह कविता प्रतिलिपि में प्रकाशित हुई थी। वहीं से साभार प्रस्तुत है।
(अवाँगार्द की डायरी से बेतरतीब सतरें)
मेरी मृत्यु
किसी और को
न मिले
भले मिले
मेरे हिस्से का जीवन
पुरखों के पसीने का रंग
संसार के
मुस्कुराते स्वस्थ चेहरों पर
जैसे मिलता ही रहा है
मेरा जीवन
किसी और को
न मिले
कि
निभा न सकूँ
अपना पुश्तैनी धर्म
ऐसा कतई न हो…
1.मरने के कई ख़याल हैं और
ताज़ादम उनके ऐतराज हैं
सही नाम पूछने के कई ख़तरे हैं
जिन्हें
स्थगित करना
पाप के पहलू में करवट बदलने की गुंजाइश भर धर्म है
भूलन माट्साब के हिज्जे की चूक
का तकियाकलाम है कि तुम
जिसे मेज़ कहते हो उसे SEZ कह सकते हो
SEZ को मेज़ कहते हुए सुनने का स्वांग कर सकते हो
तुम सुरक्षित नागरिकता को
अपनी पैंट की जि़प पर ऐसे टाँक सकते हो जैसे लेवी-स्ट्रॉस का टैग
करने को तुम ऐसा भी कर सकते हो कि कातर किसानों
से बिना सींच उगाही गयी आमदनी
किसी कैलीफोर्निया की अपनी प्रेमिका
के बार-बिल पर लुटा सकते हो
दलित के घर जबरन निमन्त्रित होकर ज़मीनी हो सकते हो
धुरन्धर धर्म की नास्तिकता हो सकते हो
कि सही नाम पूछने के कई ख़तरे हैं
खेतों के घाव की पपड़ी हो सकते हो
जो कि तुम हो
और एक दिन
खेतों की आह से झुलसकर
रफ़्ता रफ़्ता गिर सकते हो
2.
नीमअँधेरा है
नींद के हाथों की चपेट में मच्छर आते हैं
मर जाते हैं मुझमें हत्यारे का विष छोडक़र
जिन पर निशाना साधता हूँ बच बच जाते हैं
मैं मर जाता हूँ एक हत्यारे की मौत
मेरी मौत का फ़ातिहा मत पढऩा अपना तिल तिल क़ातिल हूँ
3.
खेत में
पहाड़ हैं
पहाड़ पर
खेत हैं
4.
मैं
नहीं कर सकता किसी की हत्या
अपनी तृष्णा के सिवा
गोकि
हथेली के मंगल पर बैठा एक तिल
लगाए हुए है घात —
5.
सारंडा के जंगलों में बीडिय़ों और ज़ख़्मों और हक़ की रौशनी में
बजट की बही पढ़ी जा रही है
यह मार्च दो हज़ार ग्यारह की तारीख़ी इकाई है
समानान्तर भविष्य
जिसमें अतीत की शक्ति का सन्तुलन तय हो रहा
6.
गन्ने के खेत थे मेरे पास अपने गाँव में
अब
उनकी डिस्टलरी फैक्ट्री है
मेरे पास अब बंजर
का मुआवज़ा
7.
छुपाए रहा अस्थियों के कवच में अपने निष्कलुष पाप
कत्थई पुश्तैनी पुण्य सुर्ख़रू रहे
अपने ही थे
जिन्होंने छुड़ा दी मिट्टी
मेरी जड़ों से उनके नाख़ून
अब जाने किस हाल होंगे
लड़ाइयाँ छोटी हो या बड़ी
आशंकाएँ बनी ही रहती हैं मृत्यु की
साहस ख़र्च हो जाता है
अपने ही थे
जिहोंने बार बार सिखायी लडऩे की कला और
डाभ की तरह उछाल कर मेरा जीवन
समुद्र के हवाले कर दिया…
8.
अपनी बात कहना चाहता हूँ
आप यदि सुन सकें
हुज़ूर मेरी अस्थियों का अनुनाद
आपकी घिसती हुई त्वचा की आवाज़ है
आपके उसाँस के अन्तिम छोर पर मेरे शब्द
खड़े हैं बहुत शालीनता से अपने को सम्हालते हुए
यह आपके
दयनीय होने का समय है
और मेरी भूमिका यहाँ से शुरू होती है…
9.
दिन बहुत बाद में आता है
और बहुत पहले चुक जाता है अपनी लम्बी छाया छोडक़र
चाहे कोई भी ऋतु हो
कोहरा घिरा रहता है रात की तरह
साँस आख़िरी तारे की तरह टूटती है उस शोर के बीचोबीच
जिसमें ज़ोर देकर
खेतों को ज़मीन कहा जा रहा
हुजूर बिवाई-फटे पुरखों के पाँव हैं हमारे खेत जिन्हें अपने रक्त से सींच उन्होंने नम किया उगाया अन्न कि संसार स्वस्थ रहे
नहीं हुजूर जूते नहीं थे नहीं हैं उन पाँवों में नाल-ठुँके जो अब उन पाँवों को ही रौंद रहे हैं
अनगिन बार खर पतवार धँसे दर्द छलक आया उन्हीं पाँवों में सूरज फफोले सा उगा
आँधी बरखा बाढ़ आयी मगर डिगा नहीं पायी उनकी साध
हुजूर खेत हमारे पुरखे हैं उनकी आस
हम अपने पुरखों को बेचने से करते हैं मना तो आप शोर का अजब समारोह ठान देते हैं जिसमें नाचने के लिए एक विनम्र इनकार को विवश किया जा रहा आँसू गैस छोड़ी जा रही अधनींद जगाकर लाठियाँ बरसाई जा रहीं तलुओं और ललाट पर मारी जा रही हैं गोलियाँ कि हम लहराते हुए दिखें
यह कैसा लोकतन्त्र है जिसमें
हमारे ही शब्द हमारे मुँह में ठूँस
हमें चुप किया जा रहा है
अचानक अवतार की तरह आप दिखाई देते हैं सच्चे हमदर्द की तरह मोटरसाइकिल पर पीछे बैठ भागे चले आते हुए गमछा लपेटे सफेद गाँधी-टोपी सम्हालते
आपके अपनेपन की धज के भ्रम में बताती है मेरी किशोर बहन कि अपना विरोध और जान समेटकर आपकी फौज से बचकर भाग गये हैं किसी तरह गाँव के सारे के सारे मर्द हमारी रक्षा के लिए यहाँ कोई नहीं है
आप क्या जवाब देंगे हुजूर कौन सी सान्त्वना
उसकी सरलता आपको जख्मी क्यों नहीं करती और आप उसके हाथ की बनी पकौड़ी खाकर मुस्कुराते भर हैं
हुजूर माफ करें कि गाँव में कोई बड़ा बूढ़ा भी नहीं सुजान जो टोक सके इस कमउम्र नागरिक-निवेदन को हाकिम से ऐसा बेजा सवाल करने से कि गाँव में कब लौटेंगे लोग खेत सूख रहे हैं उनकी चिन्ता में
आपके चेहरे का पानी किस कूटनीति में डूबा है हुजूर जिसका विरोधी हमें सिद्ध किया जा रहा
लोहा-लंगड़ प्लांट-श्लांट प्रगति की कब बने नयी परिभाषा किस देश की पाठ्य पुस्तक में पढ़ा यह पाठ कि अन्न और आदमी अपदस्थ हुए विकास की नयी अवधारण से हुजूर हमें बोलने दें हमारा जैविक अधिकार है
हमने आपको महज पाँच सालों के लिए चुना है इसे याद रखें हुजूर यह मुल्क आपके ही पुरखों की मिल्कियत नहीं इसमें हमारा भी हिस्सा है हमारा भी रक्त जिसका रंग लेकर उगेगा दिन और आप रँगे हाथ पहचान लिए जाएँगे
10.
अपने क़स्बे में आया मैं बहुत दिनों बाद
प्राचीन बेरोज़गारी के साथ मित्र
मिलने आये
घर जा जाकर बुज़ुर्गों से पैलगी करता रहा
वे भी मिले वैसे ही
उतना असीसते
जैसे दिल्ली से मिले एक क़स्बा क़दीम
कुछ ने तो कह भी दिया कि चुनाव हैं नगीच
कहीं भैया आप भी…
फिर भी
रहा मित्रों के संगसाथ गलबँहियाँ डाल
कुछ पुराने दिनों में पुन: गया
पटिया पर चाय पी भूजा फाँका
बैठा रहा रेलवे लाइन के पास देर रात तक
जैसे यात्रा हो शेष
कुछ पुरानी प्रेमिकाएँ मेरे गिरते हुए बालों पर हँसती रहीं देर तक
मैं भी उनकी झुर्रियों में हँसा
इस बीच वे माँएँ थीं
मैं भी एक पति और पिता दुनियादार
उनके पति स्टेशन तक मुझे विदा करने आये
आओ ना कभी दिल्ली — हाथ हिलाते हुए रेल की खिडक़ी से
— ईमेल करना अपनी सीवी, कुछ करता हूँ— कहते हुए
आख़िर मैं लौट पड़ा ऑफिस-तन्त्र में
अपनों में रुक गया था दो दिन ही अधिक
और छुट्टी मंजूर न थी…
11.
ललछहूँ चोंचवाली बत्तखें किस लीक पर चलती चली जा रही हैं
किसी क़सम
किसी प्यास
किसी धोख़े
किसी प्रेम
या किसी गर्दिश की गिरफ़्त में
और गज़ब कि यक़ीनन यह भी
किसी शायद की धूसर दुपहर है
बत्तखों की पुतलियाँ हैं कि पपड़ाये पोखरे में तैरने की आतुर आकांक्षा
जिनसे हरे पानी का वाष्प उठता है
हो सकता है उनमें कमल खिले हों
मछलियाँ करती हों उनका तवाफ़
केकड़े जोंक और घोंघे वहीं आरामफ़र्मा हों
धूप वहीं इन्द्रधनुष ताने हो
एक जल-पारिस्थितिकी वहीं विकसित हो
बत्तखों की क्रेंकार में यह पानी की गुंगुवाती आवाज़ का अक्स है
दृश्य पानी पानी एक मुहावरे में डूब रहा है…
12.
यह वक़्त मुफ़ीद नहीं है कि तलाशे जाएँ इतिहास की गर्द में दबे पदचिह्न
विकट वेग से बढ़ रहे हैं टैंक हर ओर से
चीत्कार की पृष्ठभूमि ललकार रही है शान्तिसाधकों का बुद्धत्व
आकाश से गिर रही हैं पट् पट् परकटी उड़ानें लगातार
यह वक़्त मुफ़ीद नहीं है कि प्रलापा जाय पश्चात्ताप का प्रपंच
या किसी सबल मंच को निहोरा जाय
तर्कसम्मत है यही
कि कहीं से भी
पुकारा जाय
अपने ही नाम को
अपनी ही शक्ति को
अपने ही आप को और छिन्न भिन्न किया जाय दुर्वासा-शाप को
यह वक़्त मुफ़ीद मुहूर्त का दिशाशूल…
फिर भी…
13.
घासफूल खिला
सफ़ेद उजला निदाग़
संगमरमर पर लगे काजल टीके सा दीप्त
पिटूनिया की तरह नहीं
ट्यूलिप की तरह नहीं
गुलाब की तरह तो कतई नहीं
घासफूल की तरह घासफूल खिला
फ़रिश्तो
इनकी लघु मुस्कान की उजास में धो लो अपना चरित्र
इनकी सुगन्धि से भर लो नासापुट
महसूस सको तो इनकी नश्वरता स्पर्श कर अमर हो जाओ
ख़ुशामदीद अन्न के बीजो कहते हुए बचे खुचे खेत तैयार हैं
ये रजस्वला धरती के डिम्ब हैं
14.
आप सब जानते ही हैं जानने की रील रिवाइंड करने के लिए कहता हूँ
और आप पाते हैं कि जो दृश्य पर दृश्य आपकी दृष्टि से गुज़रे वापस पाँव खींच रहे हैं जो कुछ देर पहले फैली थीं याचक आशाएँ उनकी हथेलियाँ वापस हो रही हैं और अब उनमें कहीं स्वाभिमान की झलक सी है और जिस करोला का दरवाज़ा एक अकड़ खोलकर उतरी थी अब उन्हीं दरवाज़ों के काले शीशे में दुबक गयी है वापस भाग रही है कार यातायात के भीषण कोहराम के बीच सहसा आप पाते हैं कि आदत आशंका के हवाले हो रही है पृष्ठभूमि से जो आ रही हैं ध्वनियाँ हौलनाक़ और अबूझ हैं
तमाम कारनामे जो आप कर गुज़रे उनसे वापस भागते हुए आप गत कशमकश से साफ़ बरी हो रहे हैं अब एक पवित्र शान्ति आपके भीतर लौट रही है
कुछ हरकतें तो आप जैसे किसी रत्ती भर न्यूज़ को तानने की तरह बार बार दुहराते हुए ख़ुद को पाते हैं और जो खीझ आप में जाग रही है उसकी स्थिरता की राह पर ख़ुद को निरा बच्चा पाने लगते हैं बिलकुल मासूम सा जो सब जानने के लिए अपनी आँखें और कुतूहल की एकाग्रता दृश्य के सही कोण पर कैमरे के लेंस की तरह सेट कर रहा है स्टिल कर रहा है
यूँ तो आप सब जानते ही हैं और मैं उस बच्चे की उतनी ख़ुशी का जि़क्र तक नहीं करूँगा जो आप दोबारा पाते हैं…
15.
मेरी त्वचा की दीवार से तुम्हारे आसरे की पीठ टिकी है
इधर मैं हूँ उधर तुम
इस तरह मैं तुम इधर उधर दो दीवार हैं
दो दीवार के बीच हम नदी की शक्ल बहते हैं
आख़िरश हम दिगम्बर
दिक् अम्बर की त्वचा है
16.
चीज़ों का बढ़ता ही गया आकार
और जगर-मगर
अपनी पुतलियों-सा
सिमटता
मेरा वजूद और साँवला होता गया
मार्च करता
गुज़रता ही रहा
अश्लील भरा-पूरा बाज़ार
जैविक ज़रूरतों की ओट
मैं बच्चे-सा दुबकता रहा भरसक
एक हाहाकार हौलनाक़
ब्लैकहोल-सा
ऐन मेरी जेब में
चक्कर काटता रहा
जिसमें मैं
परवश अनचाहे
कगार की मिट्टी-सा
कटा
गिरा
गिरता ही रहा
क़तरा क़तरा
अपने सहलग संस्कारों के साथ…
17.
हवा की ज़द में है सारा मौसम
कि मौसमों का रुख़ हैरतअंगेज़
हैं नेज़ा नेज़ा ज़मीं के ज़र्रे
फ़लक की बन्दिश उफुक प’ कसती ही जा रही है
दिशा दिशा अय्यार जैसे हज़ार सूरत बदल रही है
ये कैसी कोशिश
बुलन्द ताबिश
कि ख़ाब तक है जहाँ की हालत
मसाफ़तों के हुजूम रिश्तों के दरम्याँ तक उतर गये हैं
तमाम रिश्ते बिखर गये हैं
दिलोनज़र का भरम ये कैसा
ये कैसी काविश
कि जैसे ऐसी
ही सूरतों की ऐहतरामी
को जाने कब से तरस रहे थे
तेज़ रौ कारवाँ ये वहशत का
हरेक दिल के
अजान गोशों में ज़लज़ले सा
उतरता जाए है रफ़्ता रफ़्ता
कि भरता जाए है रफ़्ता रफ़्ता…
18.
सुनामी की तीस फुट ऊँची लहरों के सामने भौचक एक स्त्री अपनी तीन साल की बिटिया और असहायता के साथ घुटने के बल बैठ गयी है एक दूसरी तस्वीर में विमान और कारें खिलौनों की तरह ढेर की ढेर पड़ी हैं आँसुओं के तमाम ज़ार ज़ार घर हैं
दुख ख़फ़ीफ़ हर्फ़ है जैसे कि आँसू में प्रार्थना का भार जिससे देवता दबे कराह रहे
देवता तुम्हारी चप्पलें टूट गयी हैं और हवा और पानी में तुम्हारी साँसों की झझक है
बच्चों की आँखों में सपनों से डबडबाया पानी है जिसमें पत्थर एक दूसरे से टकरा रहे हैं चिन्गियाँ लपक लपक उठती हैं
टूट जाएँ नट बोल्ट तो रुक जाती हैं मशीनें जि़न्दगियाँ नहीं
कि जापान आवारा नहीं…
19.
जापान जापान में नहीं है जहाँ था वहाँ लाशें हैं मलबा है ख़ून है असहायता है सुनामी है आग है जापान दुनिया की आँखों में भर गया है निचली पलक के ऊपर टिका है पुतलियों के बहुत करीब काँप रहा है
पलकें नहीं झपकाएगी दुनिया जापान भरोसे का नाम है
जहाँ जापान है वहाँ हाथ लिख दो
जहाँ जापान है वहाँ हाथ रख दो
जहाँ जापान है वहाँ जापान लिख दो
20.
जहाँ फ़िलहाल
जापान है
वहाँ भारत हो सकता है पाकिस्तान हो सकता है ईरान हो सकता है अमेरिका हो सकता है रूस चीन दुनिया का कोई भी मुल्क़ हो सकता है और नहीं होना चाहिए लिखना चाहता हूँ प्रार्थना के शिल्प में ही
कि जापान फ़िलहाल बहुत दुख का नाम है
कि जापान आज जैसा है वैसा नहीं होना चाहिए वैसा नहीं होगा जापान कहता है उसे दुनिया का सम्बल भर चाहिए
जापान महाकरुणा का देश है…
21.
‘सुना सुना इश्क़ करो’ फ़कीर हुआ तो वारिस शाह की तरह कहता
अभी फ़कत जापान से
जकात नहीं पसीने की आग दो
प्यार दो
22.
पाक़दामानी का ख़ामख़ाह ख़याल बरतते हुए दामन सिलवटों के सुपुर्द हुआ और वहीं से उठी चर्ख़ आवाज़
कि उसाँस सा पराया नहीं कोई
नहीं कोई
नहीं कोई
हसीं पाप कोई हुआ चाहिए दुआ चाहिए
महब्बतों की दवा चाहिए
फिर फिर जापान हुआ चाहिए
23.
जापान में कम बचा है जापान उस तरह नहीं जैसे लखनऊ में कम बचा है लखनऊ जैसे बनारस में कम बचा है बनारस जैसे भोपाल में कम बचा है भोपाल
यह एक अकेली ख़ुशी का वक़्फा है
24.
पहली पीढ़ी को मौत मिलती है
दूसरी को सहनी पड़ती हैं त्रासदियाँ
तब
तीसरी पीढ़ी को रोटी और सम्मान मिलता है
भूला नहीं होगा जापान अपनी कही गयी सूक्ति
में ली गयी साँस…
25.
भाषा में क्या आयौ
बोली-बानी सानी-पानी लाग-लंठई करतेव
कनपट्टी पर कट्टा धरतेव गदर-गुंडई करतेव
पुरस्कार के दल्लों औंढ़े सम्पादक का—
चरण चाँपते दारू देते सपनों में तो डरतेव
गैरत गोड़ेव कविता छपवावै की खातिर जै हो
कबिजी
मउगा होइगेव आलोचक के मुख से केवल आपन नाम सुनइकेव
वाह वाह कबिजी क्या कबिता
वाह वाह कबिजी क्या वबिता
खूब अघायौ
25.
शब्द अच्छे होते हैं न बुरे केवल सार्थक होते हैं या निरर्थक ऐसा विचार उलीचते हुए श्रीमान बुद्धिजीवीजी ने आख़िरी अक्षर चुभलाया और पाया कि उनकी जीभ रात में भक्षे गये किसी शब्द के रेशे से उलझ रही है तब उन्होंने आवश्यक कार्यवाई के अन्दाज़ में ऐसा किया कि बाएँ हाथ की छोटी उँगली के नाख़ून को दाएँ तरफ के रदनक दाँत की मदद से थोड़ा नोचा थोड़ा छोड़ दिया और उसकी ख़ुफ़िया भूमिका तय कर दी जैसे कि तीली और उससे दाँतों के दरम्यान फँसे रेशे को आज़ाद कराने में ऐसे तल्लीनभाव से संघर्षरत हुए जैसे कि देश आज़ाद करा रहे हों और काफी ज़द्दोजहद के बाद अन्तत: सफलता उनके बाएँ हाथ की छोटी उँगली के अधनुचे नाख़ून पर नमूदार हुई जैसे कि इज़्ज़त और राहत के साथ मुझे दिखाते हुए बोले कि यार अक्सर खाया हुआ ही अटक जाता है और तो और जीना ही हराम कर देता है जैसे कि ज्ञान फिर बाएँ हाथ की छोटी उँगली के अधनुचे नाख़ून पर लगे रेशे को अपनी नाक के क़रीब लाये कुछ अजीब सी भंगिमा बनायी जिसमें नाक के सिकुड़ जाने की भी एक क्रिया शामिल थी फिर बाएँ हाथ की छोटी उँगली के अधनुचे नाख़ून पर टिके रेशे को हवा में अपने सिर के बाएँ क़रीब से ऊपर इस तरह उठाया जैसे कि चक्र सुदर्शन या गोवर्धन धारण किये हुए हों
26.
दूसरा जो जीता न जा सका
इसीलिए हुआ मैं पराजित
— मेरा हारना और उससे हारना
एक ही बात नहीं है
हारा उससे
कि मैं सहमत न था
फिर भी रहता आया
जैसे आकाश का (अ)-तल छोड़
रहते आते तारे
हारा उससे
कि मैं अपनी रूह से मजबूर
क़बूल न सका जड़ता
नदी की तरह
मैं बह चला
हारा उससे
कि अपनों के बहुत सारे दुख
पर फ़िदा ख़ुद ही
हार बैठा सब कुछ
—निरीह हुआ
—मेरा हारना और उससे हारना
एक ही बात नहीं है
जीत नहीं सका एक उसे
—त्याग से
यही मेरी मात है
27.
‘हिन्दी साहित्य में प्रशस्ति लेखक का महत्त्व’ या ‘हिन्दी साहित्य में फ्लैप लेखक का योगदान’ जैसे विषय पर जब शोध होगा तो श्रीमान बुद्धिजीवीजी का नाम प्रमुखता से सन्दर्भित होगा ऐसा बुद्धिजीवीजी ने सोचा यह उनका पराक्रम ही है कि जिसके लिए तरसते हैं तमाम साहित्यकार फाहित्यकार वह पुरस्कार बुद्धिजीवी जी ने दो-दो तीन-तीन बार झपटा इस सबके बावजूद बुद्धिजीवीजी में एक बचकानी ईष्र्या घर कर गयी जिसका मौलिक पाठ अमरीका जिस तरह आतंकवाद के ख़िलाफ़ करता है कुछ उसी तरह हल्के अन्दाज़ में रह रह कर करते हैं कि उन पर मास्टरी की हैवी सेलरी का दाब न दिखे ऐसे विगलित क्षणों में बुद्धिजीवीजी रचना में आँख मूँद समीक्षा लिखने में जुट जाते हैं अफ़सर-दोस्त और दारू महत्त्वपूर्ण रचना की कसौटी हैं उन्हें याद रहता है बाक़ी भीड़ है जिसे लोहिया भी लोक आदि कहते थे बुद्धिजीवीजी जीवन के लिए बुद्धि को इनपुट मानते हैं और विज्ञापन को आउटपुट जिसका कमीशन उनकी साहित्यिक उपलब्धि है इस सन्तोष के साथ सिर झुकाकर चरने में मशगूल हो जाते हैं…
28.
अलाने को ईनाम फलाने को सम्मान ढिकाने को पुरस्कार मेरे अरे मेरे ही कारण की धौंस और कृतार्थों-धन्यों के दरबार में तुम निहत्थे हो अपनी भाषा की हया का हाथ थामे
वे तुम्हें आमन्त्रित करेंगे और कटघरे में खड़ा कर देंगे बहुत सादगी से पूछेंगे कि तुम्हारी पेन की स्याही का रंग आख़िर नीला क्यों है और दयार्द्र हो तुम्हें लाल स्याही वाली पेन गिफ़्ट करते हुए कहेंगे कि लो इससे लिखो और स्वीकृत भाषा में बेखटके चले आओ
वे तुम्हें सरल करेंगे लम्पट-लतीफे सुनाते हुए दिखाएँगे धन्याओं की फेहरिश्त जिनको कृतार्थ कर उन्होंने भाषा में शोहरत बख़्शी फिर तुम्हारे ऐन सामने सजा देंगे बलवर्धक दवाओं की शीशियाँ और अपनी दशा से तुम्हें शर्मिन्दा करेंगे
साँस रोक प्रतीक्षा करेंगे कि तुम कुछ कहो वे बहुत शान्त स्वर में कहेंगे बोलो बोलो चेतनक्रान्ति यूँ चुप्पी में मत घुटो यहाँ भाषा में तो दिग-दिगन्त तक हमारी ही रंगदारी हमारा ही राज कहो निर्भर हो कहो सान्त्वना की एक आँख दाब तुम्हारे धैर्य का धर्म परखेंगे तुम्हें परास्त करने की प्रतीक्षा में मर-मिटेंगे और अन्त तक एक मुर्दे की तरह बहुत शालीनता से पेश आएँगे और तुम्हें याद दिलाएँगे कि आज तुम्हारे जन्म का दिन है।
29.1.
(पिछले पहर पुरखों ने भाषा में एक घोंसला बनाया कुछ वनस्पतियों पर भरोसा किया परिन्दों की तरह सूफ़ी हुए यह चूक आनुवंशिक मुझे उनको हमें— दरअसल जो अपने ही थे— कुछ जम गयी किन्तु कमानें तन गयीं और काल रिस रिस कर बरसता रहा)
दिन देखा है हमने
देखा है दिन
सालिग्राम बिके
लेकिन चुका न ऋण
देखा है दिन…
29.2
(समय धीरे धीरे नसों में दाख़िल होता रहा और रक्त में पहली दफ़ा महसूस हुआ लोहा)
इनकी फ़रियाद है गूँगे की सदाओं की तरह, उनका दरबार है बहरों की सभाओं की तरह
ज़ख़्म कितने ही दो अब कुछ भी नहीं बोलेंगे, दर्द से सुन्न है अहसास शिलाओं की तरह
शस्त्र के ज़ख़्म तो भर जाते हैं वर्षों में मगर, शब्द के ज़ख़्म हैं मधुमेह के घावों की तरह
जाने क्यों लोग यही चाह रहे हैं हमसे, हम भी हो जाएँ ज़माने की हवाओं की तरह
दिल को धोख़ों ने ही चालाक बनाया वरना, पहले यह शहर भी मासूम था गाँवों की तरह
29.3
(समर्पण के मुहूर्त पर मन मार हमने भी सौंप दिया अपनी चादरिया का तार तार तनिक सतर्क भी तो रहे क्या ख़ता की!)
समय की आँधियाँ हैं और मैं हूँ, नफ़स की धज्जियाँ हैं और मैं हूँ
मगर जीने की कोशिश पेशतर है, भले पाबन्दियाँ हैं और मैं हूँ
कहाँ लायी मेरी काफ़िर-मिज़ाजी, जिहादी बस्तियाँ हैं और मैं हूँ
समर्पित ख़ूबियाँ भी ख़ामियाँ भी, ये मेरी अर्जियाँ हैं और मैं हूँ
29.4
(वे दिन दीवार में चिन दिये गये जिन्हें हमने अपने रक्त से रँगा)
हलचल मची हुई है उसी के बयान से, जिस आदमी का रिश्ता नहीं है ज़बान से
उनका ही हाथ पाँव दबाते रहे हैं हम, मतलब नहीं है जिनको हमारी थकान से
29.5
(इन ख़ुदाओं की ख़ुदाई भी देख ली यूँ ही…)
जितने इज़्ज़तदार देश के हैं सब के सब आये हैं, शिरकतफ़र्मा है पूरा का पूरा चम्बल संसद में
यार तमाशा अक़्सर ऐसा तो होता ही रहता है, हर अगले पल बनते रहते हैं दल में दल संसद में
सरकस के सब अनुपम करतब तुझको भी तो आते हैं, तू भी अपना करतब दिखला तू भी अब चल संसद में
29.6
(आप मानो या न मानो, मगर सच है कि हमारे रक्त में पानी धरती और समुद्र के अनुपात में है)
घिन आती है आचमन से
क्योंकि राजनीति
अब ‘पाँडे ताल’ की तरह है
जहाँ नहाते हैं सिर्फ
अन्तिम संस्कार करके लौटे लोग
या घोसियों की भैंसें
या दीर्घशंका से निवृत्त जनों के लोटे
29.7
(विश्व की जो इकाई है—घर—उसकी अपनी विपदाएँ हैं उनका शुमार किस स्वायत्तता का शिकार)
दसियों सालों से पापा को खोने से पहले ही बार बार होश खो रही है माँ
दसियों सालों से आँखों की नदी दिन रात बही है अब रेत निचुड़ रही है
दसियों सालों से इंजेक्शन की शैया पर पड़े हैं पापा भीष्म की तरह और असमर्थ है अर्जुन कि पिला सके कोई मोक्ष-प्रदाता गंगाजल
दसियों सालों से उस नक्षत्र की अनचाही प्रतीक्षा है सबको जो किश्तवार मौत से मुक्ति दे
पापा के पसर गये फेफड़ों में भरी हवा निकलकर बन जाए
नव-जीवन-स्वाँस
(आमीन! मगर कहने से क्या
जबकि पुनर्जन्म पर ही भरोसा नहीं मुझे अब तक)
किन्तु अब सब प्रस्तुत करना चाह रहे हैं अनचाहा वक्तव्य—
‘अलविदा!’
यह मध्यम जीवन और स्मृति के ब्लाइंड स्पॉट्स स्वप्न और जेब में एक साथ खलल डालते हैं बार बार… निरुपाय की उसाँस-सा भर जाते हैं
ईश्वर जो नहीं है कहीं
करता ही रहता है अट्टहास…
29.8
(रात और दिन ने बाँट रखा है समय इन्हीं के दरम्यान हवा बहती है मौसम बदलते हैं नैसर्गिक भ्रम होता तो उतना ग़म न होता)
पेड़ पर पतझरों के दल आये, तब कहीं उस पे फूल फल आये
रात का अन्धकार था बेहद, जाने हम कितनी दूर चल आये
उसको ओहदा मिला तो नगरी में, कितने रिश्ते नये निकल आये
वे सफ़ीने भँवर में उलझे हैं, जो हवाओं के साथ चल आये
भावना आस्था वफ़ादारी— सारे फूलों को हम कुचल आये
29.9
(बीत चुके बहुत में और बहुत कुछ बचा है दुरभिसन्धियों में ही यात्रा का रोमांच भुगतना है)
जब से वह नामवर हो गया है, ऐब उसका हुनर हो गया है
किस सियासत से पहलू बदलकर, राहज़न राहबर हो गया है
एक ही ईंट निकली है लेकिन, यूँ लगे घर खँडर हो गया है
29.10
(कोहरे में आज का अख़बार आता है और आज का लडक़ा आता है कल वह जवान होकर पिघलेगा)
एक माचिस की तीली जली है, अब अँधेरों के घर खलबली है
सौ बवालों में भी शायरी है, हिंस्र पशुओं में ज्यों ‘मोगली’ है
इस हवा के असर में न आये, अब भी बच्चों की दुनिया भली है
29.11
(अतीत की पतंग नये हाथों में बहुत रंगीन होकर धडक़ती उड़ रही है)
सडक़ पर है मगर ईमान का तेवर सुरक्षित है, अभी गुदड़ी में उसके आख़िरी ज़ेवर सुरक्षित है
जहाँ पर कैकयी है और अनगिन मन्थराएँ हैं, वहाँ पर राम के वनवास का भी डर सुरक्षित है
सृजन की रागिनी अब भी फ़िज़ाओं में महकती है, तिरोहित हो गये हैं शब्द लेकिन स्वर सुरक्षित है
29.12
(सचाई कौर में करकती है रह रह कुछ रोमांटिक कल्पनाओं के एवज हाँफना पड़ता है)
दुनिया की कचकच तिस पर पत्नी का नखरा
पाँव पसिनियाया स्लेट का ख़ैबर दर्रा
रस्ते की सुलझन पर दिखता है घर अपना
लकदक एक हक़ीकत फिर भी सपना
पूरब पच्छिम उत्तर दक्खिन
सभी दिशा से आती है पिन
बिंधा हुआ इच्छा का भीष्म
समय तीव्रतम साँसें धीम
जेबी शोर और सन्नाटा
इसने हूँसा उसने डाँटा
हाथ हमारा नीमहकीम
लाएगा ही सुख की ‘थीम’
मन का आँसू गुटुक गुटुक
ढूँढ़ रहा जीवन का तुक…
29.13
(गुत्थियाँ हरेक की कई बार मौलिक होती हैं इतनी कि व्यक्तिगत लगती हैं लेकिन यह भूलना एक नयी गुत्थी को जन्म देना है; फिर जनाब, उसकी पुरानी चूकों के बाबत उसे यूँ क़ाफ़िर ठहराना, कैसा फ़ैसला! आप जानें या आपका ख़ुदा।)
जीवन के कई अर्थवान क्षण
विस्तार चाहते रहे
जबकि
छोटी न हो सकी उसाँस
खुलती फैलती रही
एक फाँस
आँतों की सुलझना चाहती रही
और अर्थ
जीवन से
देह-सा जुडऩा चाहता रहा
अतृप्ति का एक शोकगीत तक
गाया न जा सका कि रही
जीवन में ऐसी मृत्यु की उपस्थिति
भ्रम की दिशाएँ तो सभी पुकारती रहीं चकर-मकर
जबकि भागना चाहना तक उनकी ओर
कभी रास नहीं आया
सँभाला
अन्तर के रंगों
और शब्दों के गुरुत्व
ने ही थाम लिया मुझे बारम्बार और मुक्त किया…
(उपसंहार लिखते हुए कतराता हूँ ‘संहार’ की बू आती है)
गुरुवार, 8 दिसंबर 2011
उत्तेजक चर्चा के दबाव में प्रयाग शुक्ल
| रीता भदौरिया के दूसरे काव्य संग्रह के लोकार्पण के अवसर पर वीरेन डंगवाल, प्रयाग शुक्ल, कवयित्री स्वयं, अशोक चक्रधर और असगर वजाहत |
शेष नारायण सिंह की कलम से
हिन्दी की कवयित्री रीता भदौरिया के दूसरे काव्य संग्रह 'पानी में गाँठ' के लोकार्पण का अवसर। दिल्ली में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद के सभागार में राजधानी की नामचीन अदबी और शहाफी शख्सीयतों की मौजदगी में रीता की कविताओं पर चर्चा हुई और कविता और समाज पर भी। रीता के संवेदन और उनकी रचना प्रतिभा में वक्ताओं को प्रचुर संभावना दिखी। सदारत कर रहे थे हिन्दी के बड़े कवि प्रयाग शुक्ल। अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने समय की कमी और विमर्श से उपजे उत्तेजनात्मक तनाव के बीच से निकलने की सधी हुई कोशिश की पर समय पर तनाव भारी रहा। संक्षिप्ति की वकालत के बावजूद विस्तार से बचना उन जैसे बड़े साहित्यकार के लिए भी संभव नहीं हो सका और सच तो यह है कि यही श्रोताओं के लिए आनंददायक रहा। वे चिंतित थे कि खराब और अच्छी कविता की बात की गयी, वे चिंतित थे कि कलावाद पर आक्षेप किया गया। उन्होंने जवाब भी दिया, बहुत स्पष्ट और साफ सुथरा, कलावाद कोई बुरी चीज नहीं है, मैं स्वयं कलावादी हूँ। कला लोक से ही जन्मती है, लोक के साथ ही आगे बढ़ती है। न तो कविता के पाठक कम हुए हैं, न ही अच्छी कविताएं। सारे देश में घूमा हूँ मैं, हर जगह कविता लिखने वाले, उसके प्रशंसक मिले हैं। मैं कविता को अच्छी या बुरी कविता के रूप में नहीं देखता हूँ, मेरे लिए कविता सिर्फ अच्छी होती है, कोई ज्यादा अच्छी, कोई कम अच्छी।
इस मौके पर प्रयाग शुक्ल के अलावा असगर वजाहत, वीरेन डंगवाल, अशोक चक्रधर, आलोक पुराणिक, कमर वहीद नकवी, राम कृपाल सिंह, प्रभात कुमार राय, प्रो. जय प्रकाश द्विवेदी, कुलदीप तलवार, कुलदीप कुमार, राम बहादुर राय, सुभाष राय, वंशीधर मिश्र, मिथिलेश कुमार सिंह, मधु जोशी आदि मौजूद थे। दिल्ली के हिन्दी पत्रकारों का भी बड़ा जमावड़ा था। असगर वजाहत ने कविता के महत्व का प्रतिपादन करते हुए उसे जीवन और समाज के परिष्कार का सबसे बड़ा औजार कहा। उन्होंने कहा कि जब आप को सभी छोड़ दें, कोई भी आप की मदद करने वाला न हो, तब भी कविता अपनी समूची ताकत और संभावना के साथ आप के साथ होगी। असगर साहब ने कहा कि कविता समानांतर समाज बनाती है, वह समाज को दिशा देने, उसे विकसित करने का काम करती है। वीरेन डंगवाल ने कहा कि बीते सालों में कविता का जनतांत्रीकरण हुआ है और बहुत से नए कवि सामने आये हैं। सुभाष राय और बंधीधर मिश्र ने कुछ खतरों की ओर संकेत किया और कविताप्रेमियों और आलोचकों को आगाह करने की कोशिश की। राय का मानना था कि बहुत सारे नकली या अखबारी अनुभवों पर कविताएं लिखी जा रहीं हैं। कवि वहां उपस्थित नहीं है, जहाँ से वह रचना का कथ्य उठाता है। अनुभव की प्रामाणिकता के अभाव में कविता भी संदेह के घेरे में है। कवि सम्मान, पुरस्कार के पीछे भाग रहा है, अच्छी कविताएं भी आ रहीं हैं लेकिन खराब कविताएं ज्यादा आ रहीं हैं। मिश्र ने धूमिल के उद्घरण देते हुए कहा कि कविताएं सार्थक वक्तव्य होने की जगह केवल वक्तव्य हो जाएँ तो वे अपना प्रभाव खो देंगी। उन्होंने दृष्टिसम्पन्नता के अभाव की ओर संकेत किया।
मधु जोशी ने विस्तार से रीता भदौरिया के संघर्ष और संवेदनात्मक विकास की चर्चा की और उनकी कविताओं को सराहा। जोशी ने कहा कि रीता की कविताओं में विचारों की निरंतरता है। अशोक चक्रधर ने रीता के संग्रह से कुछ कविताओं का पाठ किया और उनमें एक वृहत्तर संभावना की चर्चा करते हुए कहा कि पुस्तक पर अलग से बात होनी चाहिए। इस मौके पर कवयित्री रीता ने स्वयं की रचना प्रकिया के बारे में बताया और कहा कि उन्होंने जीवन में काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। अपने विभाग के कामकाज के सिलसिले में ऐसे लोग भी देखे हैं जिनके पास दो वक्त की रोटी का इंतजाम नहीं है और ऐसे लोग भी, जिनके पास अपनी संपत्ति को ठिकाने लगाने का तरीका नहीं सूझ रहा। उन्होंने विकास का भ्रम और अंतिम पड़ाव, अपने कविता संग्रह से दो कविताएं पढ़कर सुनाई। गोष्ठी का संचालन जाने-माने रंगकर्मी और पत्रकार अनिल शुक्ल ने किया।
रविवार, 16 अक्टूबर 2011
सरकार और सरोकार नहीं बाजार बदल रहा है स्त्री को
देवेन्द्र
कथाकार
गांव में रहते हुए बचपन से ही हमने जिस समाज को देखा है उसमें स्त्री को दोयम दर्जे का नागरिक कहना लहीम-शहीम नागरिकता पर गोबर करना होगा। मनुष्य की योनि में जन्म लेकर परम्पराओं के नाम पर स्त्री के साथ जिस बर्बर सामाजिक आचरण को व्यवहार की तरह अपनाया जाता है, उसे देखते हुए ‘नागरिक’ शब्द जैसा कोई सम्बोधन मुझे उपयुक्त नहीं लगता। हमारी भाभियां जब ब्याह कर आयी थीं, तब उनकी उम्र बमुश्किल चौदह-पन्द्रह साल रही होगी। उन्हें अहरिहार्य प्राकृतिक जरूरतों के निबटान हेतु सुबह से पहले और शाम के देर बाद मुंहअंधेरे में तय समय के लिए बिना खिड़कियों और बिना झरोखों वाले सीलबंद कमरों की घुटन से बाहर निकलने दिया जाता था।
चाहे कैसी भी तबीयत हो, हजारों साल से वे एक ऐसी व्यवस्था की अभ्यस्त थीं कि पूरे दिन पेट में मैला ढोती रहती थीं। सेक्स तथा सहवास की कामना के कारण ही नहीं,दिन-दोपहर प्राकृतिक निबटान की अपरिहार्य जरूरतों के कारण भी वे चरित्रहीन समझी जा सकती थीं। हमारा घर बनिस्बत गांव का सम्पन्न घर था फिर भी ऐसी कोई व्यवस्था हमने नहीं देखी सुनी थी। पच्चीस-तीस साल तक एक पर एक चार-पांच बच्चों को पैदा कर चुकने के बाद उनकी सांसों में पायरिया भर जाता था, दांत हिलने लगते थे। चालीस साल औरतों के बूढ़ी होने की उम्र होती थी। धूमिल की एक कविता है-
‘प्रजातंत्र का वह कौन सा नुस्खा है कि
जिस उम्र में मेरी मां का चेहरा चकत्तियों की थैली है
उसी उम्र की मेरी पड़ोसन के चेहरे पर
मेरी प्रेमिका जैसा लोच है।’
सम्पन्न माने जाने वाले हमारे गांव में ढेर सारे जानवर थे, जिनके बीमार होने से हमारी खेती लड़खड़ा जाती। आर्थिक ढांचा गड़बड़ा जाता है। उनका समय से इलाज कराया जाता। उनके डाक्टर गांवों में आते थे। लड़कियों के लिए कहा जाता था-बिन ब्याहे बेटी मरे, ठाढ़ी ऊख बिकाय, बिन मारे वैरी मरे, ई सुख कहां समाय।
हजारों साल से वे इसे यातना की तरह नहीं उत्सव की तरह स्वीकार करती थीं। सिर्फ स्थूल और थोड़ी प्रताड़नाओं से ही नहीं, जबकि यह भी उनकी दिनचर्चा के अभिन्न अंग थे, उन्हें किस्सों, कहानियों से बहला-फुसलाकर पालतू बनाया जाता था। उन्हें दोयम दर्जे का नागरिक या दास कहना दासों की स्थिति का बढ़ा-चढ़ाकर वर्णन करना होगा क्योंकि दासों को अपने मालिक, जिसने उन्हें गुलाम बना रखा है,से नफरत करने, लड़ने का नैतिक हक प्राप्त होता है लेकिन उन लड़कियों के जेहन में यह पाप की तरह होता था।
उनकी मुक्ति का पथ कब्रगाह के डरावने और सुनसान अंधेरे में जाता था। चूल्हे और चौके की धीमी आंच में सींझती उन औरतों के जीवन में कोई सपना नहीं उगता था। हर महीने कई-कई कठोर व्रतों से गुजरते हुए वे अगले सात जन्मों के लिए उसी परिवेश और पति की कल्पना करतीथीं जो रोज रात को उन्हें सहवास सुख देता था और बदले में वे बच्चा पैदा करती थीं। आंगन की भर धूप और हवा में ही उन्हें जीना होता था।
अप्राकृतिक स्थितियों में पड़ी-पड़ी जब अक्सर वे मर जातीं तो उनके मरने को शोक और संवेदना की तरह नहीं, एक निर्जीव सूचना की तरह लिया जाता था। आज भी भारत की लगभग सत्तर प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है और कमोबेश स्थितियां जस की तस बनी हुई हैं। सम्पन्न परिवार धीरे-धीरे शहरी मध्य वर्ग में रूपांतरित होने लगा है। जो विपन्न थे, उनकी बदहाली बेइंतहां बढ़ी है। संयुक्त परिवार का आर्थिक आधार छितरा गया है। संयुक्त परिवार और विवाह संस्था, इन दोनों की मजबूत चार दीवारी में स्त्रियों के प्रति जानवरों से भी कई गुना ज्यादा बर्बर आचरण हमारी दिनचर्या और व्यवहार में इस कदर शामिल था कि हमें अपनी क्रूरताओं का आभास तक नहीं होता था। हमारी महान संस्कृति और सभ्यता का हिस्सा था यह सब। उनकी सुरक्षा, शील और मर्यादित आचरण की दुहाई देकर हम निर्विघ्न और निर्विवाद रूप से जायज काम में शिरकत करते थे। जैसे जेल के पुराने कैदी नये कैदियों के प्रति क्रूर आचरण को अपना नैतिक और भौतिक अधिकार मानते हैं, उसी तरह घर की बूढ़ी औरतें सास या दादी के रूप में इन औरतों के लिए होती थीं। हजारों साल से उनके साथ यही होता चला आ रहा है।
स्त्री मुक्ति के सामाजिक संघर्ष का नेतृत्व वे औरतें कत्तई नहीं करेंगी जो घूसखोर बाप की नाजायज कमाई खा-खाकर चटोर हो चुकी हैं और पति के घर में निकम्मी पड़ी-पड़ी ऊबती हुई समाज और सरोकारों से नफरत करती हैं। स्त्री मुक्ति की सामाजिक जरूरत और उसकी ऐतिहासिक पहल उनके फैशन का हिस्सा भर है, जिनकी दिनचर्चा सुबह-सवेरे घर में चौका-वर्तन, झाड़ू-पोछा करने आयी नौकरानी के साथ,कांव-कांव करते हुए शुरू होती है। ब्यूटी पार्लर और किटी पार्टी में क्लबों में अपने होने का अर्थ तलाशती इन रीतिकालीन नायिकाओं की बंजर संवेदनाओं में एक घास उगाने भर क्षमता नहीं है। एकल परिवार की इन गृहस्वामिनी को अपनी आजादी से ज्यादा पुरुष को गुलाम बनाये रखने की चिन्ता होती है। वे बराबरी के लिए नहीं वर्चस्व के लिए लालायित है।आत्मनिर्भरता किसी भी तरह की आजादी का सबसे बड़ा नैतिक तर्क होता है। वह यहां सिरे से नदारद है।
लेबल:
tippanee
रविवार, 26 जून 2011
हरि अनंत हरि कथा अनंता
हरि अनंत, हरि कथा अनंता। इस देश में जो हरि के गुन गाता है, बाबा कहलाता है, जो हरिमय हो जाता है, बापू कहलाता है। हमारे यहां न तो बाबाओं की कमी है, न ही बापुओं की। । राम देव बाबा, जयगुरुदेव बाबा, पायलट बाबा, ड्राइवर बाबा, आशाराम बापू, तमाशाराम बापू। एक ऐसा भी शख्स इस देश में हुआ, जो एक साथ महात्मा भी था, बाबा भी और बापू भी। बापू केवल अपने बच्चों का नहीं, पूरे देश का। वह था गांधी बाबा। हमारे देश में किसी न किसी बहाने इस बाबा की चर्चा होती ही रहती है। भ्रष्टाचार जितना बढ़ रहा है, रघुपति राघव राजाराम का पारायण भी उतना ही बढ़ रहा है। बलात्कार, अपहरण, लूट की घटनाएं बढ़ेंगी तो गांधी का नाम लेने वाले भी बढ़ेगे। यह गांधी का देश है। यहां हर बुराई को ढंकने के लिए गांधी को चादर की तरह तान दिया जाता है। सचाई यह भी है कि गांधी का नाम ज्यादा लिया जा रहा हो तो समझो कोई बड़ा घपला, घोटाला होने वाला है, बड़ी विपदा आने वाली है।
बाबा की बतकही का मौका मिला है तो लगे हाथ एक और बाबा की चर्चा कर दूं। नागार्जुन बाबा। उनकी जन्मशती मनायी जा रही है। इसलिए उन पर, उनकी कविता पर बात हो रही है। उन्हीं की एक कविता है, गांधी के तीन बंदर। वैसे तो यह पूरी कविता ही उल्लेखनीय है लेकिन मेरी पसंद की कुछ पंक्तियां इस प्रकार हैं..ज्ञानी निकले, ध्यानी निकले तीनों बंदर बापू के। बापू के भी ताऊ निकले तीनों बंदर बापू के। गुरुओं के भी गुरू बने हैं तीनों बंदर बापू के। बापू को ही बना रहे हैं तीनों बंदर बापू के। बापू को उनके तीनों बंदर क्या बना रहे हैं? नागार्जुन बाबा ने गोल कर दिया। सोचा होगा, लोग समझदार हो गये हैं। पढ़ेंगे तो समझ ही जायेंगे। बाबा ने ये कविता बहुत पहले लिखी थी। अब तो गांधी के तीनों बंदर और भी चालाक और शातिर हो गये है। गांधी ने अपने जीवन में तमाम तरह के प्रयोग किये थे। उनके बंदर भी प्रयोगधर्मा हैं। गुरु ने सत्य के साथ प्रयोग किया, उनके बंदर असत्य के साथ प्रयोग कर रहे हैं। सफेद हो या केसरिया या किसी भी रंग की, मत पूछो, टोपी के पीछे क्या है। गांधी के बंदरों ने उनकी जीवनी बार-बार पढ़ी है। अपने जिन प्रयोगों के बारे में गांधी ने खुलकर नहीं लिखा मगर भूले-भटके अपनी चिट्ठियों में यदा-कदा जिक्र किया, बंदरों ने चोरी-चुपके उनका भी स्वाद चखा है। आखिर वे गांधी के बंदर हैं, कोई ऐरे-गैरे नहीं।
गांधी ने पहले लंगोटी पहनी फिर प्रयोग शुरू किये। उनके बंदरों को पता है कि इसका उल्टा भी हो सकता है। अगर गांधी की तरह प्रयोग शुरू किया तो केवल लंगोटी ही बच जायेगी। असत्य के बिना सत्य का अस्तित्व नहीं। सत्य की चर्चा इसीलिए होती है, क्योंकि असत्य की सत्ता कायम है। कई बार सत्य की सत्ता की स्थापना अर्धसत्य या असत्य की ताकत से होती है। नागार्जुन बाबा की मानो तो गांधी के बंदर बड़े ज्ञानी हैं। उन्हें वाल्मीकि की कथा भी मालूम है। राम, राम नहीं आता तो मरा, मरा कहो। असत्य के साथ प्रयोग करो, सत्य का संधान अपने आप संभव हो जायेगा। जीवन में सुख हो, समृद्धि हो, ऐश्वर्य हो, यही तो चाहिए। क्या यह सत्य से मिलेगा? त्याग तो तभी संभव होगा, जब त्यागने लायक कुछ हो। इसलिए पहले अपना घर ठीक करो। छल से, कपट से, गबन से, अपहरण से, जैसे भी हो सके। बड़ी-बड़ी योजनाएं डकारनी हैं, यहां वन जी, टू जी क्या कई हंड्रेड जी लाइन में खड़े हैं।
मौका मिला नहीं कि कोयले की खदान तक निगल जायेंगे, जनता का करोड़ों रूपया अपने घर की सजावट में लगा देंगे, बचा तो रोज एक नया जूता पहनने का अरमान भी तो पूरा होना चाहिए। कीमती 365 जोड़ी तो होने ही चाहिए। प्रयोग वे अच्छे हैं जो गांधी को याद रखने लायक बनाये। खुद गांधी बनने से क्या मिलेगा। जीतेजी सत्य का नरक भोगें तो मरने के बाद कुछ चौराहों पर मूर्तियां लगने से क्या मिलने वाला। ऐसा बनो यार कि जीतेजी मूर्तियां तन जायें, उधर से गुजरो तो लगे कि तुम्हारी भी कोई सत्ता है। अहिंसा भी क्या देगी। किसी को दुखी न करें तो सुखी कैसे हो पायेंगे। जमीनें कब्जानी हैं, आलीशान घर बनाने हैं, बड़ी गाड़ियां खरीदनी हैं और कुछ स्विस बैंक में भी तो होना चाहिए। यह सब दूसरों को पीड़ित किये बिना आखिर कैसे संभव है। इसलिए गांधी के बंदर हिंसा को एक नयी प्रयोगभूमि की तरह स्वीकार कर चुके हैं। भूल जाइए कि गांधी की कांग्रेस में ही उनके बंदर मिलेंगे। गांधी की कांग्रेस भी अब रही कहां। बापू के बंदर बापू के ताऊ बन गये हैं। वे अब हर जगह हैं। उनका ब्रांड सर्वदलीय है, वे सर्वसमाज में व्याप्त हैं। जिधर जाइयेगा, उधर पाइयेगा। वे गांधी को तो बना ही रहे, सबको उल्लू बना रहे हैं, खूब खा रहे हैं और गा रहे हैं, रघुपति राघव राजाराम, सबको सन्मति दे भगवान।
बाबा की बतकही का मौका मिला है तो लगे हाथ एक और बाबा की चर्चा कर दूं। नागार्जुन बाबा। उनकी जन्मशती मनायी जा रही है। इसलिए उन पर, उनकी कविता पर बात हो रही है। उन्हीं की एक कविता है, गांधी के तीन बंदर। वैसे तो यह पूरी कविता ही उल्लेखनीय है लेकिन मेरी पसंद की कुछ पंक्तियां इस प्रकार हैं..ज्ञानी निकले, ध्यानी निकले तीनों बंदर बापू के। बापू के भी ताऊ निकले तीनों बंदर बापू के। गुरुओं के भी गुरू बने हैं तीनों बंदर बापू के। बापू को ही बना रहे हैं तीनों बंदर बापू के। बापू को उनके तीनों बंदर क्या बना रहे हैं? नागार्जुन बाबा ने गोल कर दिया। सोचा होगा, लोग समझदार हो गये हैं। पढ़ेंगे तो समझ ही जायेंगे। बाबा ने ये कविता बहुत पहले लिखी थी। अब तो गांधी के तीनों बंदर और भी चालाक और शातिर हो गये है। गांधी ने अपने जीवन में तमाम तरह के प्रयोग किये थे। उनके बंदर भी प्रयोगधर्मा हैं। गुरु ने सत्य के साथ प्रयोग किया, उनके बंदर असत्य के साथ प्रयोग कर रहे हैं। सफेद हो या केसरिया या किसी भी रंग की, मत पूछो, टोपी के पीछे क्या है। गांधी के बंदरों ने उनकी जीवनी बार-बार पढ़ी है। अपने जिन प्रयोगों के बारे में गांधी ने खुलकर नहीं लिखा मगर भूले-भटके अपनी चिट्ठियों में यदा-कदा जिक्र किया, बंदरों ने चोरी-चुपके उनका भी स्वाद चखा है। आखिर वे गांधी के बंदर हैं, कोई ऐरे-गैरे नहीं।
गांधी ने पहले लंगोटी पहनी फिर प्रयोग शुरू किये। उनके बंदरों को पता है कि इसका उल्टा भी हो सकता है। अगर गांधी की तरह प्रयोग शुरू किया तो केवल लंगोटी ही बच जायेगी। असत्य के बिना सत्य का अस्तित्व नहीं। सत्य की चर्चा इसीलिए होती है, क्योंकि असत्य की सत्ता कायम है। कई बार सत्य की सत्ता की स्थापना अर्धसत्य या असत्य की ताकत से होती है। नागार्जुन बाबा की मानो तो गांधी के बंदर बड़े ज्ञानी हैं। उन्हें वाल्मीकि की कथा भी मालूम है। राम, राम नहीं आता तो मरा, मरा कहो। असत्य के साथ प्रयोग करो, सत्य का संधान अपने आप संभव हो जायेगा। जीवन में सुख हो, समृद्धि हो, ऐश्वर्य हो, यही तो चाहिए। क्या यह सत्य से मिलेगा? त्याग तो तभी संभव होगा, जब त्यागने लायक कुछ हो। इसलिए पहले अपना घर ठीक करो। छल से, कपट से, गबन से, अपहरण से, जैसे भी हो सके। बड़ी-बड़ी योजनाएं डकारनी हैं, यहां वन जी, टू जी क्या कई हंड्रेड जी लाइन में खड़े हैं।
मौका मिला नहीं कि कोयले की खदान तक निगल जायेंगे, जनता का करोड़ों रूपया अपने घर की सजावट में लगा देंगे, बचा तो रोज एक नया जूता पहनने का अरमान भी तो पूरा होना चाहिए। कीमती 365 जोड़ी तो होने ही चाहिए। प्रयोग वे अच्छे हैं जो गांधी को याद रखने लायक बनाये। खुद गांधी बनने से क्या मिलेगा। जीतेजी सत्य का नरक भोगें तो मरने के बाद कुछ चौराहों पर मूर्तियां लगने से क्या मिलने वाला। ऐसा बनो यार कि जीतेजी मूर्तियां तन जायें, उधर से गुजरो तो लगे कि तुम्हारी भी कोई सत्ता है। अहिंसा भी क्या देगी। किसी को दुखी न करें तो सुखी कैसे हो पायेंगे। जमीनें कब्जानी हैं, आलीशान घर बनाने हैं, बड़ी गाड़ियां खरीदनी हैं और कुछ स्विस बैंक में भी तो होना चाहिए। यह सब दूसरों को पीड़ित किये बिना आखिर कैसे संभव है। इसलिए गांधी के बंदर हिंसा को एक नयी प्रयोगभूमि की तरह स्वीकार कर चुके हैं। भूल जाइए कि गांधी की कांग्रेस में ही उनके बंदर मिलेंगे। गांधी की कांग्रेस भी अब रही कहां। बापू के बंदर बापू के ताऊ बन गये हैं। वे अब हर जगह हैं। उनका ब्रांड सर्वदलीय है, वे सर्वसमाज में व्याप्त हैं। जिधर जाइयेगा, उधर पाइयेगा। वे गांधी को तो बना ही रहे, सबको उल्लू बना रहे हैं, खूब खा रहे हैं और गा रहे हैं, रघुपति राघव राजाराम, सबको सन्मति दे भगवान।
लेबल:
chintan
रविवार, 19 जून 2011
कासी गुरू की आत्मा
ओम तद्भवाय नमः| अखिलेशाय नमः | शब्ददंडधारी स्वामी अखिलेश जी की कृपा से मेरी मुलाकात कासी गुरू की आत्मा से हुई। हालांकि वे स्वयं ई ससुरी आत्मा से बहुत परेशान दिखे। उनका अनुभव है कि यह सहृदय, दयावान, करुण, कातर सी चीज न होती तो वे अपनी मोटरबाइक से हाथ न धो बैठते। हुआ कुछ यूं कि बड़े जुगाड़ से उन्होंने बाइक खरीदी। बड़े जतन से उसे धो-पोंछ कर रखते, संभाल के चलाते। हरदम चमाचम रहती। पर एक दिन वे एक साइकिलवाले से टकरा गये। एक चला रहा था और दूसरा डंडे पर बैठा था। गुरू को पता ही नहीं चला क्या हुआ पर वे दोनों सड़क पर पसर कर खामोश हो गये। गुरू ने पहले तो भागने में ही भलाई समझी पर कुछ दूर जाकर उनकी आत्मा जग गयी। वे लौटे, सोचा बच्चों की मदद कर दें, बेचारे घायल हो गये हैं। वे बच्चों को नादान समझ रहे थे पर जैसे ही बाइक से उतरकर उनके पास आये, समूची करुणा के साथ एक को हिलाने-डुलाने की कोशिश की, दूसरा उनकी बाइक ले उड़ा। वे दौड़े मगर कुछ दूर जाकर मुंह बाकर खड़े हो गये। बाइक गयी सो गयी, यह गुरुआ की बड़ी चिंता नहीं थी, चिंता यह थी कि अगर आत्मा ऐसे ही जगी रही तो न जाने क्या-क्या अनर्थ होगा।
कासी गुरू कोई झूठ नहीं बोल रहे। एक बार मैं भी इसी आत्मा के चक्कर में जेल जाते-जाते बचा, पत्रकार न होता और पुलिस थोड़ा फेवर न करती तो या तो मेरी जमकर कुटाई हुई होती या फिर जेल की यात्रा करनी पड़ती। यह आत्मा सचमुच बहुत अनर्थकारी है। अगर आप को महान और निरापद आसन चाहिए, आप की समाज में अपना डंका पिटवाने की सदिच्छा है, सरस सुख-संपदा अर्जित करनी है, ऐश और परमभोग की आकांक्षा है तो अपनी आत्मा से तत्काल तौबा कर लीजिए, उसे दबाये रहिये या कोई खास तकलीफ न हो तो उसे मार ही दीजिए। थोड़ा कष्ट होगा क्योकि सहजावस्था में आत्मा जगी ही रहती है और किसी को जागते में मारना श्रमसाध्य ही नहीं बहुत दुखदायी भी है। परंतु शास्त्र कहते हैं कि बड़े पुण्य के लिए किंचित पाप भी करना पड़े तो बुरा नहीं है, साधारण दुख से असाधारण सुख की प्राप्ति हो सके, तो किसी भी तरह अस्वीकार्य नहीं है। सभी मानते हैं,इसलिए आप भी यह मान लें कि हर दुख अपने परिणाम में सुख ही होता है। आत्मा के चक्कर में हमारी कई पीढ़ियों ने बहुत समय नष्ट किया है, अपना तो कबाड़ा किया ही, पूरे समाज का, देश का भी कबाड़ा किया।
यह दिखती नहीं, यह अगम्य है। नयमात्मा प्रवचनेन लभ्य, नहिं बहुश्रुतेन। न प्रवचन से मिलती है, न बहुत सुन कर कंठस्थ कर लेने से, न हठ से मिलती है, न योग से, न बलहीन को मिलती है, न बलशाली को। इतना जानकर भी कुछ लोग आत्मा को पाने के व्यर्थ प्रयास में लगे रहते हैं और कुछ कासी गुरू जैसे कभी-कभी इस दयनीय भ्रम के शिकार हो जाते हैं कि भीतर से आत्मा बोल रही है, उसकी आवाज सुनो। उसकी आवाज सुन ली तो समझो ठगे गये। आजकल जो सबसे ज्यादा आत्मा-परमात्मा की बात करते हैं, वे भीतर से समझ चुके होते हैं कि आत्मा-वात्मा जैसी कोई चीज नहीं है, पर इसे स्वार्थपूर्ति के परमधर्म की प्राप्ति के लिए विकट विराट अस्त्र की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। वे आत्मसाक्षात्कारसंपन्न जीव इस जगत में सबसे सुखी प्राणी हैं। वे सम्मान से बाबा कहे जाते हैं, भले ही वे अवसरानुकूल वाम-दक्षिण हो सकते हों, कभी पुरुष, कभी नारी या किन्नर का वेश धरने में किंचित संकोच न करते हों।
उनकी योगकाया का आसनाभ्यास और उनकी रोमांच भरी रुदनाल्हादमयी नाट्य प्रस्तुति से लाखों लोगों की जड़ आत्मा थोड़ी देर के लिए जग उठती है। ऐसे बाबाओं के लिए करोड़ क्या, अरब क्या, नौ-दो-ग्यारह अरब क्या। वे निरंतर ठगात्मवत ही रहते हैं इसलिए वे अगर महिलाओं के साथ कोई अभद्रता भी करें तो भी उसे कल्याणकारी मानकर स्वीकार कर लिया जाता है। आप ने अपनी आत्मा मार दी तो किसी को भी मार देना आप के लिए बहुत सहज होगा। फिर आप चोरी, ठगी, बलात्कार, हत्या से भी परे चले जायेंगे। किसी कर्म का परिणाम भुगतने की विवशता से मुक्त हो जायेंगे। हर आदमी की आत्मा अलग-अलग व्यवहार करती है, इसीलिए बड़े राजनीतिकार अक्सर अंतरात्मा की आवाज पर चुनाव की बात करते हैं। कोई जरूरी नहीं कि सबकी अंतरात्मा से एक ही आवाज उठे। अगर आत्मा एक होती तो ऐसा क्यों होता या फिर जिसने आत्मा मार डाली है या जो आत्मा के होने को स्वीकार नहीं करते, क्या वे ऐसे वक्त में निर्णय नहीं करते? इससे यह अनुमान सहज ही सही लगने लगता है कि आत्मा भी अपने अर्थ का, अपने लाभ का ध्यान रखती है। जो आत्मार्थ है, वही स्वार्थ है। अगर कासी गुरू यह अर्थ लगाते तो उनकी बाइक बच गयी होती। आप भी अगर निपट संन्यासी नहीं हैं तो जीवन में कुछ लाभ-लोभ रखना ठीक रहेगा। आत्मा के अर्थ को यानि उसकी व्यर्थता को जितना जल्दी समझ लेंगे, परमात्मा आप की उतनी ही मदद करेगा। शुभमस्तु।
कासी गुरू कोई झूठ नहीं बोल रहे। एक बार मैं भी इसी आत्मा के चक्कर में जेल जाते-जाते बचा, पत्रकार न होता और पुलिस थोड़ा फेवर न करती तो या तो मेरी जमकर कुटाई हुई होती या फिर जेल की यात्रा करनी पड़ती। यह आत्मा सचमुच बहुत अनर्थकारी है। अगर आप को महान और निरापद आसन चाहिए, आप की समाज में अपना डंका पिटवाने की सदिच्छा है, सरस सुख-संपदा अर्जित करनी है, ऐश और परमभोग की आकांक्षा है तो अपनी आत्मा से तत्काल तौबा कर लीजिए, उसे दबाये रहिये या कोई खास तकलीफ न हो तो उसे मार ही दीजिए। थोड़ा कष्ट होगा क्योकि सहजावस्था में आत्मा जगी ही रहती है और किसी को जागते में मारना श्रमसाध्य ही नहीं बहुत दुखदायी भी है। परंतु शास्त्र कहते हैं कि बड़े पुण्य के लिए किंचित पाप भी करना पड़े तो बुरा नहीं है, साधारण दुख से असाधारण सुख की प्राप्ति हो सके, तो किसी भी तरह अस्वीकार्य नहीं है। सभी मानते हैं,इसलिए आप भी यह मान लें कि हर दुख अपने परिणाम में सुख ही होता है। आत्मा के चक्कर में हमारी कई पीढ़ियों ने बहुत समय नष्ट किया है, अपना तो कबाड़ा किया ही, पूरे समाज का, देश का भी कबाड़ा किया।
यह दिखती नहीं, यह अगम्य है। नयमात्मा प्रवचनेन लभ्य, नहिं बहुश्रुतेन। न प्रवचन से मिलती है, न बहुत सुन कर कंठस्थ कर लेने से, न हठ से मिलती है, न योग से, न बलहीन को मिलती है, न बलशाली को। इतना जानकर भी कुछ लोग आत्मा को पाने के व्यर्थ प्रयास में लगे रहते हैं और कुछ कासी गुरू जैसे कभी-कभी इस दयनीय भ्रम के शिकार हो जाते हैं कि भीतर से आत्मा बोल रही है, उसकी आवाज सुनो। उसकी आवाज सुन ली तो समझो ठगे गये। आजकल जो सबसे ज्यादा आत्मा-परमात्मा की बात करते हैं, वे भीतर से समझ चुके होते हैं कि आत्मा-वात्मा जैसी कोई चीज नहीं है, पर इसे स्वार्थपूर्ति के परमधर्म की प्राप्ति के लिए विकट विराट अस्त्र की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। वे आत्मसाक्षात्कारसंपन्न जीव इस जगत में सबसे सुखी प्राणी हैं। वे सम्मान से बाबा कहे जाते हैं, भले ही वे अवसरानुकूल वाम-दक्षिण हो सकते हों, कभी पुरुष, कभी नारी या किन्नर का वेश धरने में किंचित संकोच न करते हों।
उनकी योगकाया का आसनाभ्यास और उनकी रोमांच भरी रुदनाल्हादमयी नाट्य प्रस्तुति से लाखों लोगों की जड़ आत्मा थोड़ी देर के लिए जग उठती है। ऐसे बाबाओं के लिए करोड़ क्या, अरब क्या, नौ-दो-ग्यारह अरब क्या। वे निरंतर ठगात्मवत ही रहते हैं इसलिए वे अगर महिलाओं के साथ कोई अभद्रता भी करें तो भी उसे कल्याणकारी मानकर स्वीकार कर लिया जाता है। आप ने अपनी आत्मा मार दी तो किसी को भी मार देना आप के लिए बहुत सहज होगा। फिर आप चोरी, ठगी, बलात्कार, हत्या से भी परे चले जायेंगे। किसी कर्म का परिणाम भुगतने की विवशता से मुक्त हो जायेंगे। हर आदमी की आत्मा अलग-अलग व्यवहार करती है, इसीलिए बड़े राजनीतिकार अक्सर अंतरात्मा की आवाज पर चुनाव की बात करते हैं। कोई जरूरी नहीं कि सबकी अंतरात्मा से एक ही आवाज उठे। अगर आत्मा एक होती तो ऐसा क्यों होता या फिर जिसने आत्मा मार डाली है या जो आत्मा के होने को स्वीकार नहीं करते, क्या वे ऐसे वक्त में निर्णय नहीं करते? इससे यह अनुमान सहज ही सही लगने लगता है कि आत्मा भी अपने अर्थ का, अपने लाभ का ध्यान रखती है। जो आत्मार्थ है, वही स्वार्थ है। अगर कासी गुरू यह अर्थ लगाते तो उनकी बाइक बच गयी होती। आप भी अगर निपट संन्यासी नहीं हैं तो जीवन में कुछ लाभ-लोभ रखना ठीक रहेगा। आत्मा के अर्थ को यानि उसकी व्यर्थता को जितना जल्दी समझ लेंगे, परमात्मा आप की उतनी ही मदद करेगा। शुभमस्तु।
लेबल:
chintan
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ (Atom)


